Type Here to Get Search Results !

रामनवमी पर आज रामलला के मस्तक पर होगा अद्भुत सूर्य तिलक, दिखेगा खूबसूरत नजारा

 रामनवमी पर आज रामलला के मस्तक पर होगा अद्भुत सूर्य तिलक, दिखेगा खूबसूरत नजारा



अयोध्या में राम मंदिर बनने और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बुधवार 17 अप्रैल को पहली रामनवमी के चलते खास तैयारियां की गई हैं। भगवान रामलला के जन्मोत्सव का जश्न मनाने के लिए पूरी अयोध्या सजाई गई है। इस बार की रामनवमी इसलिए भी खास है, क्योंकि भगवान राम के जन्म के वक्त रामलला की मूर्ति का सूर्य तिलक हो रहा है, जिसके लिए वैज्ञानिकों ने काफी मेहनत की है।


बता दें कि रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे जब श्रीराम का जन्म होगा, उसी के बाद उनके माथे पर सूर्य की किरण पड़ेगी। भगवान राम का सूर्य अभिषेक विज्ञान के फॉर्मूले के तहत किया जाएगा। वैज्ञानिकों ने इस पर रिसर्च किया था और इसका बीते दिनों कई बार ट्रायल भी किया गया था, जो कि सफल रहा।


सूर्य तिलक का ट्रायल सफल होने के बाद अब रामनवमी के दिन जब भगवान राम का जन्मदिन मनाया जाएगा, तो उस दौरान उनके माथे पर सूर्य तिलक किया जाएगा। खास बात यह है कि इसका पूरी दुनिया में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।


बता दें कि रामनवमी के दिन सूर्य की रोशनी मंदिर के तीसरे तल पर लगे पहले दर्पण पर पड़ेगी, यहां से परावर्तित होकर पीतल की पाइप में प्रवेश करेगी। इसके बाद पीतल के पाइप में लगे दूसरे दर्पण में टकराकर 90 डिग्री पर पुनः परावर्तित हो जाएगी। इसके बाद पीतल की पाइप से जाते हुए यह किरण तीन अलग-अलग लेंस से होकर गुजरेगी और लंबे पाइप के गर्भ गृह वाले सिरे पर लगे शीशे से टकराएंगी।