उपस्वास्थ्य केन्द्र क्षिप्रा में टीमवर्क व उचित प्रबंधन से स्वस्थ हुई हाई रिस्क गर्भवती महिला श्रीमती प्रियंका
-----------
देवास, 04 अक्टुबर 2023/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुलता उईके ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत वार्ड और ग्राम में जमीनी स्तर पर एनीमिया से बचाव के लिए सयुक्त रूप से कार्य करते हुए हर उम्र हर वर्ग के साथ ही गर्भवती माताओं के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। हाईरिस्क महिलाओं का चिंहांकन कर समय पर उचित प्रबंधन किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ. उईके ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद क्षिप्रा के मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रयासों से सुखलिया ग्राम पंचायत की गर्भवती महिला श्रीमती प्रियंका पति अजय मकवाना उम्र 19 वर्ष हाईरिस्क के समय पर उचित प्रबंधन से स्वस्थ हुई है। स्वास्थ्य केन्द्र में सीएचओ चेतना राठौर द्वारा प्रारंभिक जांच की गयी और आवश्यक परामर्श दिया। जांच में गर्भवती महिला का हिमोग्लोबिन स्तर 4.8 ग्राम पाया गया। जो कि हाई रिस्क में था। स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा जांच कर गर्भवती महिला को एमटीएच इंदौर रेफर किया गया। गर्भवती को भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया। गर्भवती को रात में एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया। चार दिन भर्ती कर 4 यूनिट ब्लड निःशुल्क चढ़ाया गया। हिमोग्लोबिन 4.8 से बढ़कर 8.5 तक हो गया। अब गर्भावस्था में इनकी नियमित निगरानी रखते हुए समय-समय पर जांच, उपचार और परामर्श दिया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ उईके ने बताया कि समय पर गर्भवती महिला की जांच और उपचार से मातृ-मृत्यु रोकने की दिशा में सीएचओ चेतना राठौर, एएनएम नीलिमा परमार एवं आशा कार्यकर्ता रेखा चौहान ने सराहनीय प्रयास किए। अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचना देकर उचित प्रबंधन किया इस प्रकार सभी मैदानी कार्यकर्ता स्वास्थ्य कार्यकर्ता को करना चाहिये। गर्भवती महिला स्वस्थ है नियमित जांच करवा रही है।
