देवास जिले में डीआरपी एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों की संगोष्ठी का हुआ आयोजन
------------
देवास 12 सितम्बर 2023/ उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (PM-FME) योजना वर्ष 2023-24 अंतर्गत जिला स्तरीय डीआरपी एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों की संगोष्ठी का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में किया गया। संगोष्ठी में जिले के 120 कृषक/उद्यमियों एवं समस्त विकासखण्ड के उद्यानिकी अधिकारियो/कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केन्द्रीय आलू अनुसंधान संस्थान ग्वालियर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुरलीधरन, बालाजी वेफर्स इन्दौर के श्री अनिल डोडिया, डॉ. ए.के. बडाया एवं डॉ.निशीथ गुप्ता वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र देवास, डीआरपी श्री रितेश शर्मा, श्री सतीश मालवीय एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
संगोष्ठी में वर्तमान समय में खाद्य प्रसंस्करण की आवश्यकता एवं महत्त्व, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संभावनाएं, आलू फसल के प्रसंस्करण उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण में उपयोगी मशीनरी एवं तकनीक, पीएम एफएमई योजना में आवेदन एवं संपूर्ण प्रक्रिया, कांट्रेक्ट फार्मिंग की आवश्यकता विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदाय की गई। खाद्य प्रसंस्करण उद्यमी श्री दिनेश राठौर द्वारा आलू के प्रसंस्करण पर चलित मशीन माडल प्रदर्शित किया गया।
उप संचालक उद्यान श्री पंकज कुमार शर्मा ने डीआरपी एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों की संगोष्ठी में उपस्थित समस्त कृषक/उद्यमियों एवं विभाग के अधिकारियों का आभार प्रकट किया।

