*खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई*
दो दिन में 8 डंपर, एक ट्रैक्टर व चार नाव मशीन जब्त
देवास। पिछले लंबे समय से नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन चल रहा था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर जिला खनिज अधिकारी धर्मेन्द्र चौहान के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक राजकुमार बराठे की टीम व राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चिचली घाट से चार नाव जब्त कर उन्हें पानी में नष्ट कर दिया। वहीं खातेगांव में रेत से भरे एक डंपर व एक ट्रैक्टर को जब्त किया। जबकि हाटपीपल्या में घेराबंदी कर रेत से ओवरलोड भरे 7 डंपरों को जब्त किया गया। खनिज निरीक्षक बराठे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर पिछले दो दिनों में यह कार्रवाई की गई है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गौरतलब है कि नेमावर नदी के चिचली घाट, देयत घाट, कुंडलगांव घाट और करोंद घाट पर पिछले लंबे समय से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन चल रहा था, जिस पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे।




