Type Here to Get Search Results !

राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत यूवीन पोर्टल के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

 राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत यूवीन पोर्टल के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित



----------------


कार्यशाला में यूवीन पोर्टल के सुचारू क्रियान्वयन के संबंध में दी जानकारी


------------


     देवास 10 जुलाई 2023/ राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत यूवीन पोर्टल के संबंध में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में डॉ. मनजीतसिंह मण्डलोई संभागीय प्रोजेक्ट ऑफिसर यूएनडीपी उज्जैन द्वारा बताया गया कि जिले में यूवीन पोर्टल के सुचारू क्रियान्वयन के लिए किस प्रकार से टीकाकरण के पूर्व सत्र बनाये जाना है। यूवीन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तार से टीकाकरण सत्र बनाने सहित अन्य जानकारी व प्रक्रिया के बारे मे बताया गया।


     मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुलता उईके ने बताया कि 07 अगस्त से मिशन इंद्रधनुष 5.0 की शुरुआत होगी। अभियान तीन चरणों में आयाजित होगा। पहला चरण 07 से 12 अगस्‍त, दूसरा चरण 11 से 16 सितम्‍बर तथा तीसरा चरण 09 से 14 अक्‍टूबर तक आयोजित होगा। अभियान में गर्भवती माताओं और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण होगा। पहले मिशन में 02 साल तक के बच्चे कवर होते थे। इस बार मिशन इंद्रधनुष की सबसे खास बात ये रहेगी कि टीकाकरण यूवीन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।


   जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनील तिवारी ने बताया कि यूवीन पोर्टल को नियमित टीकाकरण के लिए तैयार किया गया है। जनवरी में देश के 65 जिलों में टेस्टिंग के लिए पायलट प्रोजेक्ट शुरू हुआ था। 17 जनवरी को टेस्टिंग शुरू हुई थी। यूवीन पोर्टल में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ये पता किया जा सकेगा कि बच्चे को कौन से टीके लगे हैं और अब कौन सा लगना है। सर्टिफिकेट भी डाउनलोड कर सकेंगे। कोई भी टीका देश के किसी भी कोने में लगा सकेंगे। मोबाइल नंबर के आधार पर केंद्र वाले भी टीकाकरण की जानकारी देख सकेंगे।


     देश में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कोविड टीकाकरण हुआ था। कोवीन पोर्टल से चला टीकाकरण कार्यक्रम काफी सफल रहा। इसमें ये सुविधा थी कि देश में कहीं भी टीका लगवा सकते थे। इसके बाद सरकार ने तय किया कि गर्भवती माताओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण भी इसी तरीके से किया जाएगा। इसके पहले तक मां के पास टीकाकरण की जानकारी जच्चा-बच्चा सुरक्षा कार्ड में और एक एएनएम के पास रजिस्टर में होती थी। ऐसे में टीकाकरण के लिए उसी केंद्र पर जाना पड़ता था। बाहर जाने पर टीकाकरण हो तो जाता, लेकिन इसके लिए प्रक्रिया करनी पड़ती और परेशानी उठाना पड़ती।

     डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोटिया द्वारा ने बताया कि अगस्त की शुरुआत से देशभर में यूवीन पोर्टल पर काम शुरू हो जाएगा। 07 अगस्त से मिशन इंद्रधनुष चलेगा। पहली बार ये डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा। माताओं को पहली बार गर्भवती होने पर टीडी के दो डोज और दूसरी या अधिक बार गर्भवती होने पर बूस्टर डोज लगेगा। बच्चों के जन्म पर ओपीवी, बीसीजी और हेपेटाइटिस बी का टीका लगता है। इसके बाद 5 अन्य तरह के टीके इसमें कवर किए जाएंगे। तीन महीने तक हर महीने 6-6 दिन मिशन इंद्रधनुष चलेगा।


     जिला स्तरीय कार्यशाला में जिला टीकाकारण अधिकारी डॉ सुनील तिवारी, डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोटिया, डॉ मनजीतसिंह मण्डलोई, डॉ एम.एस गोसर, कमलसिंह डावर, आशुतोष मेहता, संजय नागर, ब्लॉक से सीबीएमओ, बीईई, बीपीएम, बीसीएम, मेडिकल ऑफिसर,डाटा एन्ट्री ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।