Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में दस्तक अभियान और मिशन इंद्रधनुष 5.0 के संबंध में अंतर्विभागीय कार्यशाला हुई आयोजित

 कलेक्टर श्री गुप्ता की अध्यक्षता में दस्तक अभियान और मिशन इंद्रधनुष 5.0 के संबंध में अंतर्विभागीय कार्यशाला हुई आयोजित



---------------


सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएं, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें


-------------


जिला एवं ब्लॉक व ग्राम स्तर पर 18 जुलाई को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान होगा शुरू


-------------


    देवास 17 जुलाई 2023/ कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में दस्तक अभियान और मिशन इंद्रधनुष 5.0 के संबंध में अंतर्विभागीय कार्यशाला कलेक्‍टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। कार्यशाला में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, एसडीएम श्री टी प्रतीक राव, सीएमएचओ डॉ विष्णूलता उईके, सिविल सर्जन डॉ एमपी शर्मा, टीकाकारण अधिकारी डॉ सुनील तिवारी, डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोतिया, श्रीमती रेलम बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


       कार्यशाला में कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएं जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें। ब्लॉक स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में नियमित समीक्षा करें। ग्राम स्तर पर सरपंच व अन्य जनप्रतिनिधि से सहयोग लें। स्वास्थ्य कार्यकर्ता अभियान में पात्र बच्चों की शत प्रतिशत स्क्रीनिंग करें और चिकित्सकीय उपचार दिया जाये।


      कार्यशाला में बताया गया कि जिले में दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित होगा। 18 जुलाई को जिला एवं ब्लॉक स्तर व ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों के द्वारा दस्तक अभियान का शुभारम्भ किया जायेगा। जिला स्तर पर दस्तक अभियान का शुभारम्भ संजीवनी क्लीनिक गीता भवन में 11 बजे जनप्रतिनिधि द्वारा किया जायेगा।


     जिला टीकाकरण अधिकारी सह नोडल अधिकारी दस्तक अभियान डॉ सुनील तिवारी ने बताया कि प्रदेश में बाल मृत्यु प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा प्रतिवर्ष महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से दस्तक अभियान संचालित किया जाता है। यह अभियान वर्ष में 2 बार आयोजित किया जाता है। देवास जिले में दस्तक अभियान के प्रथम चरण 18 जुलाई से 31 अगस्त 2023 तक आयोजित होगा। अभियान के प्रथम चरण में 5 वर्ष तक के बच्चो की चिकित्सीय जांच कर बीमारियों की पहचान एवं त्वरित उपचार/प्रबंधन पर बल दिया जाता है। 


      दस्तक अभियान के दौरान समुदाय में बीमार नवजातो और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल। पांच वर्ष से कम उम्र के गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान, रेफरल एवं प्रबंधन, 06 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, 05 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बाल्यकालीन दस्त रोग की पहचान एवं नियंत्रण के लिए ओ.आर.एस. एवं जिंक  दी जायेगी, गृह भेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण किया जायेगा। दस्तक अभियान के साथ समेकित दस्त नियंत्रण पखवाडा (आई.डी.सी.एफ.) का आयोजन आई.डी.सी.एफ. की संस्था तथा समुदाय आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। दस्तक अभियान की माइक्रोप्लानिंग ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस नियमित टीकाकरण की कार्ययोजना के अनुसार की गई हैं।


      डब्ल्यूएचओ से डॉ अभिषेक बछोतिया बताया कि देशभर में 07 अगस्त से मिशन इंद्रधनुष 5.0 की शुरुआत होगी। अभियान तीन चरणों में आयाजित होगा। पहला चरण 07 से 12 अगस्‍त, दूसरा चरण 11 से 16 सितम्‍बर तथा तीसरा चरण 09 से 14 अक्‍टूबर तक आयोजित होगा। अभियान में गर्भवती माताओं और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण होगा। इस बार मिशन इंद्रधनुष की सबसे खास बात ये रहेगी कि टीकाकरण यूवीन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। पहली बार ये डिजिटल प्लेटफार्म पर होगा। माताओं को पहली बार गर्भवती होने पर टीडी के दो डोज और दूसरी या अधिक बार गर्भवती होने पर बूस्टर डोज लगेगा। बच्चों के जन्म पर ओपीवी,बीसीजी और हेपेटाइटिस बी का टीका लगता है। इसके बाद 5 अन्य तरह के टीके इसमें कवर किए जाएंगे। तीन महीने तक हर महीने 6-6 दिन मिशन इंद्रधनुष चलेगा।