Type Here to Get Search Results !

देवास में सूअरों की लूट: भोपाल रोड पर चार बदमाशों ने 57 सूअर सहित मोबाइल व नकदी लूटी।

 देवास में सूअरों की लूट: भोपाल रोड पर चार बदमाशों ने 57 सूअर सहित मोबाइल व नकदी लूटी।



-लोडिंग वाहन से ले जा रहे थे, शिकायत के बाद भौंरासा पुलिस ने दर्ज किया अज्ञात के खिलाफ केस


देवास. इंदौर-भोपाल रोड पर वाहनों से कटिंग करके होने वाली वारदातों के बीच लुटेरों की सक्रियता भी बढ़ रही है। नेवरी फाटा व सोनकच्छ के बीच बीआर रिसोर्ट के सामने से एक लोडिंग वाहन से 57 सूअर सहित मोबाइल व नकदी लूटने की वारदात हुई है। मामले में शिकायत के बाद भौंरासा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर जांच की है। हालांकि मामले में कुछ संदिग्ध बाते भी हैं, सीएम के कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते जांच गुरुवार को प्रभावित रही अब आगे बढऩे की उम्मीद है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी सचिन बंसल निवासी खटीक मोहल्ला पटकुई जिला सागर लोडिंग वाहन से सूअर लेकर जा रहा था। बुधवार रात करीब 10 बजे चार अज्ञात बदमाश आए और 57 सूअर दूसरे वाहन में भर ले गए, इसके अलावा फरियादी के दो मोबाइल व कुछ नकदी भी उन्होंने लूट की। मामले में धारा 392 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी पुलिस खंगाल रही है, इनसे आरोपियों का कुछ सुराग लगने की उम्मीद है। सोनकच्छ एसडीओपी पीएन गोयल ने बताया मामले में केस दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही कुछ सुराग लगने की उम्मीद है।