Type Here to Get Search Results !

अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीयन कार्य शुरू*

 *अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीयन कार्य शुरू*



---------------- 

*इस बार 62 दिन की होगी यात्रा, यात्रा 01 जुलाई से प्रारंभ होगी 31 अगस्त चलेगी*

--------- 

*देवास जिले से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में जाते हैं श्रद्धालु*

----------------

*यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनिवार्य होगा, जिला चिकित्सालय में कराए स्वास्थ्य परीक्षण*

----------------

देवास।  श्री अमरनाथ यात्रा इस बार 62 दिन की होगी, जो कि 01 जुलाई से प्रारंभ होगी और 31 अगस्त को छड़ी मुबारक के साथ संपन्न होगी। अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए दर्शनार्थियों को पंजीयन कराना आवश्यक होगा। पंजीयन का कार्य सोमवार 17 अप्रैल 2023 से प्रारंभ हो गया है। जिला अस्पताल में हेल्थ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई। यात्रा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम से कर सकते हैं।

शिवशक्ति सेवा मंडल के विनोद जैन व महेश कारपेंटर ने बताया है कि प्रतिवर्ष जम्मू-काश्मीर स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जिले से हजारों की संख्या में श्रद्धालु जाते है। श्री अमरनाथ यात्रा 01 जुलाई से प्रारंभ होगी जो कि 31 अगस्त 2023 तक चलेगी। इस यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट जरूरी है। यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट वर्तमान तिथि का ही मान्य होगा। श्राइन बोर्ड द्वारा अधिकृत डॉक्टरों सूची जारी कर दी है, जिला चिकित्सालय में हेल्थ चेकअप की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इच्छुक यात्री पंजीयन फॉर्म तथा हेल्थ सर्टिफिकेट साथ लेकर हेल्थ चेकअप करवा सकते हैं। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के निर्णयानुसार इस बार भी डॉक्टरों द्वारा चेकअप करने के बाद ही यात्रा पर जाया जा सकेगा। इन टेस्टों में प्रमुखतः हीमोग्लोबिन, ईसीजी, ब्लड ग्रुप, हार्ट चेकअप, ब्लड प्रेशर आदि की जांच की जाती है। साथ ही वैरीफाई किया जाता है यात्री यात्रा पर जाने योग्य है या नहीं। जिन्होंने पहले से मेडिकल करवा रखा है वह मान्य नहीं होगा। अमरनाथ श्राईन बोर्ड द्वारा नामित सरकारी डॉक्टरों द्वारा किया गया चेक अप ही मान्य होगा।

*यहां से निःशुल्क फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं*

श्री अमरनाथजी की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए शिवशक्ति सेवा मंडल यात्रियों को निःशुल्क फॉर्म प्रदान करता है। इसके लिए मां चामुंडा स्पोर्टस पाइंट शुक्रवारिया हाट पर संजय पारखे, सयाजी द्वार के सामने स्थित गोवर्धन पहलवान की पान की दुकान, देवास बस स्टैंड पर श्रीराम भोजनालय, कोतवाली के सामने बागलीकर एडवर्डटाइजिंग के अमित बागलीकर, भौंरासा में विश्वकर्मा फोटो स्टूडियो, श्री मनोज जोशी तिरूपति एजेंसी महाकाल मार्ग हाटपीपल्या,  के अलावा पवन विजयवर्गीय, पवन खंडेलवाल, जयदेव वर्मा, आनंदसिंह ठाकुर, विनोद जैन, भूपेंद्रसिंह ठाकुर, आशीष व्यास, महेश कारपेंटर, सोनिया शर्मा, गुडा चावड़ा से संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।

*पंजाब नेशनल बैंक में करा सकते हैं पंजीयन*

श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा देवास जिले के यात्रियों के पंजीयन हेतु पंजाब नेशनल बैंक को अधिकृत किया गया है। यात्रा के लिए इच्छुक यात्रा यहां जाकर मेडिकल सर्टिफिकेट देकर पंजीयन की तारीख प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए श्राइन बोर्ड द्वारा निर्धारित राशि जमा कर अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए अधिकृत वेबसाइट पर जाकर आवश्यक दस्तावेजों को सबमिट कर यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 120 रुपए और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 220 रुपए प्रति यात्री निर्धारित है। ग्रुप रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं। 

यात्रा 2023 के लिए बैंकों के माध्यम से अग्रिम पंजीकरण आधार आधारित बायोमेट्रिक ईकेवाईसी प्रमाणीकरण के माध्यम से वास्तविक समय के आधार पर किया जाएगा और वाईपीएफ एनआईसी पोर्टल के माध्यम से सिस्टम जनरेट किया जाएगा। एनआईसी पोर्टल पर बैंक शाखाओं द्वारा वास्तविक समय मैनुअल डेटा पंचिंग की व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों की वेबकैम-आधारित फोटो कैप्चर भी विभिन्न बैंकों/एनआईसी द्वारा आधार आधारित ईकेवाईसी के संबंध में किसी भी गड़बड़ी के मामले में असफल विकल्प के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। आधार आधारित बायोमेट्रिक ईकेवाईसी प्रमाणीकरण के बाद जारी किए गए वाईपीएफएस में वाईपीएफ पर "ईकेवाईसी" लिखा होगा। 

*शिवशक्ति सेवा मंडल प्रतिवर्ष करता है सेवा*

शिवशक्ति सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को पंजीयन के फॉर्म उपलब्ध कराना तथा यात्रा के संबंध में यात्रियों को दिशा निर्देश देना ही मंडल का प्रमुख कार्य रहता है। श्राइन बोर्ड द्वारा जारी आदेश अनुसार 13 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों को यात्रा करने की परमिशन नहीं होगी। साथ ही जो महिलाएं गर्भवती है, उन्हें भी यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी।

*हजारों दर्शनार्थी जाते हैं दर्शन करने*

जुलाई माह में प्रारंभ होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए शिव भक्तों में बहुत उत्साह देखने को मिलता है। जिले से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में दर्शनार्थी दर्शन करने के लिए जाते है। ये दर्शनार्थी निजी वाहन, टैक्सी तथा ट्रेन से रिजर्वेशन करवा कर जाते है। इन शिवभक्तों का कहना है कि अमरनाथ यात्रा की तैयारी यात्रा की तारीख घोषित होते ही प्रारंभ कर देते है।

*यात्रा पर जाने वाले यात्री ये रखें सावधानियां*

श्री अमरनाथ जी की यात्रा एक कठिन यात्रा है। इस यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को जरूरी सावधानियां रखना होगी, जिसमें सेहत का विशेष ध्यान रखना होता है। इसके लिए यात्रा के एक-दो माह पहले से प्रतिदिन 4-5 किलोमीटर पैदल चलें। साथ ही करीब 30 मिनिट तक जॉगिंग एवं योगासन करें। सांस संबंधी योग जरूर करें। यात्रा के दौरान गर्म कपड़े, छाता, रैनकोट, टॉर्च, रस्सी, वाटरप्रुफ ट्रेकिंग शूज, हाथ के मौजे, ऊनी टोपा जरूर अपने साथ ले जाएं। साथ ही श्राइन बोर्ड द्वारा दिशा निर्देशों को पालन भी करें।

उल्लेखनीय है कि श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा दक्षिण कशमीर के हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं। इस गुफा में शिवलिंग के दर्शन करने के लिए यह तीर्थ यात्रा हर साल आयोजित होती है। इसके लिए दो रूट तैयार किए गए हैं जिसमें पहला पहलगाम तथा दूसरा रूट बालटाल है।