देवास जिले के ग्राम जामगोद में सीईओ जिला पंचायत श्री चौहान ने मुर्रूम खदान के संबंध में की पर्यावरण लोक सुनवाई
-------------
देवास, 13 अप्रैल 2023/ देवास जिले के ग्राम जामगोद में मुर्रूम खदान के संबंध में प्रभारी अपर कलेक्टर/सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान ने पर्यावरण लोक सुनवाई की। इस दौरान मध्य प्रदेश प्रदूषण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ दीपक काले, कंसलटेंट श्री शिशुपाल वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे। पर्यावरण लोक सुनवाई में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पर्यावरण लोक सुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री चौहान, मध्य प्रदेश प्रदूषण बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ काले, कंसलटेंट श्री वर्मा ने स्थानीय नागरिकों द्वारा पूछे गये प्रश्नों के उत्तर दिये। पर्यावरण लोक सुनवाई में बताया गया कि श्री देवेन्द्र रघुवंशी दीपक ट्रेडर्स जामगोद द्वारा 02 हैक्टेयर में खनन किया जायेगा और 15 हजार घनमीटर प्रति वर्ष मुर्रूम का उत्पादन किया जायेगा।
इस दौरान बताया गया कि दीपक ट्रेडर्स द्वारा 15 स्थानीय लोगो को रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। कर्मचारियों और श्रमिकों की नियमित रूप से चिकित्सा जांच की जाएगी। श्रमिकों को सेफ्टी बूट्स, चश्मे, हाथो के दस्ताने और हेल्मेट उपलब्ध कराये जायेंगे। श्रमिकों को उचित कान प्लग और मफ प्रदान किए जायेंगे। श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से भी स्थानीय नागरिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। खदान के आसपास 24 सौ पेड़ लगाये जायेंगे और सड़कों के किनारे ग्रीन बेल्ट विकसित किया जायेगा। खदान में ब्लास्टिंग नहीं की जायेगी।
कच्ची सड़कों पर डम्पर्स और अन्य भारी माल वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जायेगी। कच्ची सड़कों पर पानी से छिडकाव किया जायेगा। खदान की खनन कार्य अवधि पूर्ण होने पर जलाशय के रूप में विकसित किया जायेगा। पर्यावरण निगरानी समय-समय पर की जायेगी। वायु और शोर गुणवत्ता का प्रबंध किया जायेगा।
