Type Here to Get Search Results !

देवास मल्हार स्मृति मंदिर में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की शुरुआत हुई




मल्हार स्मृति मंदिर देवास में आयोजित हुआ "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" शुभारम्‍भ का जिलास्‍तरीय कार्यक्रम

केन्‍द्र और प्रदेश सरकार आधुनिक भारत निर्माण के लिए कार्य कर रही है


                                                 


अभियान के दौरान शासकीय कर्मचारी घर-घर जाएंगे, प्रत्‍येक ग्राम पंचायत में 2 शिविर होंगे आयोजित – कलेक्‍टर


जिलास्‍तरीय कार्यक्रम में विभिन्‍न हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का किया वितरण


जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े का होगा आयोजन



      देवास 17 सितम्बर 2022/ प्रदेश सहित जिले में 17 सितंबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किए जाने वाले "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" का शुभारम्‍भ आज 17 सितम्‍बर को जिले के सभी विकासखण्‍डों में कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को हितलाभ का प्रमाण-पत्र वितरित कर किया गया।

     "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" शुभारम्‍भ का जिलास्‍तरीय कार्यक्रम मल्‍हार स्‍मृति मंदिर देवास में हुआ। जिला स्‍तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्‍न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। कार्यक्रम में दिव्‍यांगो को ट्रायसिकल और कृत्रिम अंग, आयुष्मान कार्ड, युवा उद्यमी क्रांति योजना, स्व-सहायता समूह, ग्रामीण पथ विक्रेता, नि:शक्‍तजन विवाह योजना, लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। सांसद श्री महेन्‍द्र सिंह सोलंकी ने स्‍व सहायता समूह की महिलाओं के साथ पौधा रोपण किया। श्योपुर में आयोजित स्व-सहायता समूह सम्मेलन का लाइव प्रसारण देखा गया। प्रधान मंत्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन को देखा और सुना गया।


   


     सांसद श्री महेन्‍द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह हमारा सौभाग्‍य है कि देश में आज 8 चीते अफ्रीका से मध्यप्रदेश की धरती पर लाये गए। प्रदेश सरकार द्वारा "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" चलाया जा रहा है। अभियान में जिले में घर-घर जाकर योजनाओ का लाभ दिया जाएगा। योजनाओ का लाभ दिलाने के लिए शिविरों का आयोजन होगा। देवास का कोई भी हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।      सासंद श्री सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े मनाया जा रहा है। जिसमें विभिन्‍य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। केन्‍द्र सरकार और प्रदेश सरकार आधुनिक भारत निर्माण के लिए कार्य कर रही है। केन्‍द्र सरकार द्वारा कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्‍क राशन वितरित किया। नागरिकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए विभिन्‍न योजनाएं संचालित की गई।


     कलेक्‍टर श्री चन्‍द्रमौली शुक्‍ला ने कहा कि प्रधान मंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जन्म दिवस पर प्रदेश सरकार द्वारा "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" में 17 सितम्‍बर से 31 अक्टूबर तक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में हितग्राहियों को केन्‍द्र और प्रदेश की 33 योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। शासकीय कर्मचारी घर-घर जाएंगे, प्रत्‍येक ग्राम पंचायत में 2 शिविर आयोजित होंगे।


     कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" के शुभारम्‍भ पर जिले में पौधरोपण कार्य किया जा रहा है। रक्त दान शिविर आयोजित किये जा रहे है। विभिन्‍न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित कर प्रमाण-पत्र का वितरण किया जा रहा है। जिले में अभियान के लिए 668 दल बनाये गए है। दल द्वारा आवेदन लेकर हितग्राहियों का लाभ वितरण किया जाएगा। जिले में 6 लाख 33 हजार आयुष्मान कार्ड बनाये गए है, आप सभी नागरिके भी आगे आकर योजनाओ का लाभ ले, जिन्हे राशन मिल रहा है, जिनके पास संबल कार्ड है तथा संनिर्माण कार्य मे पंजीकृत है सभी योजना में पात्र है।


     कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े में सबसे पहले 17 सितम्बर को महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा पौध-रोपण की गतिविधियाँ आयोजित हुई। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों के जिला सम्मेलन, ऊर्जा साक्षरता, अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रावासों के निरीक्षण, स्वस्थ बाल स्पर्धा, गौ सेवा कार्यक्रम, स्वामित्व योजना में अधिकार अभिलेख वितरण के पूर्व के कार्यों को करने पर ध्यान दिया जाएगा। "मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान" में आखिरी सप्ताह में ‘’वंचित बताओ इनाम पाओ” के अंतर्गत ऐसे व्यक्ति की जानकारी देने पर पुरस्कृत किया जाएगा जो व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। शत-प्रतिशत पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलवाने की तैयारी की गई है। 


          


केन्द्र और राज्य की इन 33 महत्वपूर्ण योजनाओं का मिलेगा लाभ


     मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में केन्द्र और राज्य सरकार की जिन 33 फ्लैगशिप हितग्राहीमूलक योजनाओं का चिन्हांकन किया गया है, उनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ-विक्रेता, प्रधानमंत्री स्व-निधि, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय नि:शक्त पेंशन, राष्ट्रीय विधवा पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना, 6 वर्ष से अधिक आयु के बहु-विकलांग, बौद्धिक दिव्यांग के लिये आर्थिक सहायता योजना, मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना, दिव्यांग छात्रवृत्ति, नि:शक्त शिक्षा प्रोत्साहन, नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन, उच्च शिक्षा शिक्षण शुल्क-जीवन निर्वाह भत्ता, चिकित्सक की अनुशंसा से नि:शुल्क कृत्रिम अंग सहायक उपकरण, आयुष्मान भारत निरामयम मध्यप्रदेश, लाड़ली लक्ष्मी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री उज्जवला, मध्यप्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत भवन सन्निर्माण श्रमिकों का पंजीयन, आहार अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन, किसान क्रेडिट कार्ड सहकारी बैंकों द्वारा, किसान क्रेडिट कार्ड, मछुआ, किसान क्रेडिट कार्ड, कॉमर्शियल बैंकों द्वारा, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति, अटल पेंशन और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना शामिल है।