मध्य प्रदेश के सतना जिले की एक बेटी के विज्ञान मॉडल को प्रदेश भर में सराहना मिली है। इस बेटी ने एक नायाब नमूना बनाया है जो वातावरणीय परिवर्तन में अलग बदलाव लाने में सक्षम है। इस मॉडल को देखकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री भी बेटी की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक सके।
सतना जिले की महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतना की छात्रा कलश शर्मा का विज्ञान मॉडल प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। कक्षा दसवीं की छात्रा कलश ने गोक्रीट हाउस का मॉडल बनाया है। इस मॉडल को राज्य स्तरीय विज्ञान मेला में प्रदर्शित किया गया। शाजापुर जिले के शुजालपुर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम में 23 सितम्बर को कलश ने अपने मॉडल को रखा था। जिसे प्रदेश में प्रथम पुरस्कार मिला है।
कलश बताती हैं कि ग्रोक्रीट हाउस बनाने का फार्मूला शिक्षक प्रतिभा नामदेव ने बताया था। उनके ही सहयोग से यह संभव हो पाया। कलश ने बताया कि पिता वीरेन्द्र शर्मा सतना नगर के मुख्त्यारगंज मोहल्ले में किराना की दुकान चलाते हैं। मां राधा शर्मा गृहणी हैं। कलश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर की रहने वाली हैं। कलश ने बताया कि गोक्रीट हाउस के लिए गोबर, चूना, मिट्टी और घास का उपयोग किया गया है। इसमें 3 दिन लगे और करीब 1 हजार रुपये का खर्च आया था।
10 फीसदी कम करता है तापमान
कलश ने महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की विज्ञान शिक्षक के मार्गदर्शन में मॉडल तैयार किया है। विज्ञान शिक्षक प्रतिभा नामदेव ने चर्चा करते हुए बताया कि प्राचार्य कुमकुम भट्टाचार्य ने टॉस्क दिया था कि एक ऐसा मॉडल बनाना है जो चर्चा में रहे। सो खोज बीन कर गोबर से घर बनाया है, जो वातावरण के तापमान को 10 फीसदी कम कर सकता है। इसके लिए इंटरनेट का भी सहारा लिया था।
शिक्षक को भी मिली सराहना
राज्य स्तरीय विज्ञान मेला में सतना के शिक्षक को भी सराहना के साथ साथ पुरस्कार भी मिला है। बताया गया है कि वैज्ञानिक पद्धियों की सीख के लिए हुए इस कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक वन के शिक्षक डॉ. रामानुज पाठक को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विज्ञान शिक्षक संगोष्ठी में डॉ पाठक को पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
मध्य प्रदेश के शालेय शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के मुख्य आतिथ्य में समापन समारोह संपन्न हुआ। विजयी प्रतिभागियों को शिक्षा मंत्री ने शील्ड एवं प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया। राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में 12 संभागों के 9 जोन के 420 छात्र और 17 विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया था। सतना जिले के इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित , सहायक संचालक एन के सिंह,एडीपीसी रमसा गिरीश अग्निहोत्री , जिला विज्ञान अधिकारी डॉ रश्मि भटनागर ,एमएलबी प्राचार्य कुमकुम भट्टाचार्य, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वेंकट क्रमांक एक के प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव, आईटी सेल प्रभारी जय नारायण पाण्डेय, आईटी सेल सहायक लक्ष्मीकांत पटेल आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी है । ज्ञात हो कि सतना जिले की टीम का नेतृत्व वरिष्ठ व्याख्याता प्रमोद कुमार तिवारी सहायक जिला विज्ञान अधिकारी सतना कर रहे थे। एम एल बी की मार्गदर्शक शिक्षकों के रूप में श्रीमती प्रतिभा नामदेव एवं प्रीति निगम का सहयोग सराहनीय रहा।

