नई दिल्ली. टू-व्हीलर पर हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ ओडिशा में बड़ी कार्रवाई की गई है. हाल ही में राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) ने ऐसे 12,000 से ज्यादा लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जिन्होंने बिना हेलमेट के अपने टू-व्हीलर को हाईवे पर चलाया था. साथ ही दो सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान ऐसे ड्राइवरों से 60 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है.
अधिकारियों ने 16 अगस्त से 30 अगस्त तक नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर बिना हेलमेट के टू-व्हीलर चलाने वाले लोगों के खिलाफ 24,474 ई-चालान जारी किए गए. साथ ही एसटीए के एक अधिकारी ने कहा कि कुल 888 वाहनों को बिना लाइसेंस के ड्राइविंग के लिए भी जब्त किया गया है.
कुल 12,545 लाइसेंस हुए सस्पेंड
एक अधिकारी ने कहा कि बिना हेलमेट के गाड़ी चलाना राज्य भर में सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर चोटों के प्रमुख कारणों में से एक है. पिछले साल सड़क हादसों में करीब 1,308 लोगों मौत हुई थी और उनमें से ज्यादातर ने हेलमेट नहीं पहना था. एसटीए ने बताया कि इस दौरान दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाओं में कुल 1,280 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 747 मामूली रूप से घायल हुए. बयान में कहा गया है, “एसटीए की एनफोर्समेंट टीम ने जुर्माना के रूप में 63.98 लाख रुपये वसूल किए हैं और बिना हेलमेट के दोपहिया वाहनों की सवारी करने के लिए 12,545 लाइसेंस निलंबित कर दिए गए.

